Saturday, May 30, 2020

पीएम मोदी का जनता के नाम पत्र, कहा- 1 साल में लिए गए फैसले बड़े सपनों की उड़ान




कोरोना संकट और लॉकडाउन के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूसरे कार्यकाल का पहला साल आज शनिवार को पूरा हो रहा है. इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने देश की जनता के नाम पत्र लिखा है. जिसमें उन्होंने पिछले 1 साल की सरकार की उपलब्धियों का जिक्र किया.साथ ही यह भी कहा कि एक साल में लिए गए फैसले बड़े सपनों की उड़ान है.
प्रधानमंत्री मोदी ने पत्र में लिखा कि आज से एक साल पहले भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में एक नया स्वर्णिम अध्याय जुड़ा. देश में दशकों बाद पूर्ण बहुमत की किसी सरकार को लगातार दूसरी बार जनता ने जिम्मेदारी सौंपी थी. इस अध्याय को रचने में आपकी बहुत बड़ी भूमिका रही है. ऐसे में आज का यह दिन मेरे लिए, अवसर है आपको नमन करने का, भारत और भारतीय लोकतंत्र के प्रति आपनी इस निष्ठा को प्रणाम करने का.

उन्होंने लिखा कि यदि सामान्य स्थिति होती तो मुझे आपके बीच आकर आपके दर्शन का सौभाग्य मिलता, लेकिन वैश्विक महामारी कोरोना की वजह से जो परिस्थितियां बनी हैं उन परिस्थितियों में, मैं इस पत्र के द्वारा आपका आशीर्वाद लेने आया हूं.

2014 की उपलब्धियों का जिक्र

प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा कि 2014 में देश की जनता ने देश में एक बड़े परिवर्तन के लिए वोट किया था, देश की नीति और रीति बदलने के लिए वोट किया था. उन 5 वर्षों में देश ने व्यवस्थाओं को जड़ता और भ्रष्टाचार के दलदल से बाहर निकलते हुए देखा है. देश ने अंत्योदय की भावना के साथ गरीबों का जीवन आसान बनाने के लिए गवर्नेंस को परिवर्तित होते देखा है.

पिछले कार्यकाल की उपलब्धियों के बारे में बताते हुए पीएम मोदी ने लिखा, हमने गरीबों के बैंक खाते खोलकर, उन्हें मुफ्त गैस कनेक्शन देकर, मुफ्त बिजली कनेक्शन देकर, शौचालय बनवाकर और घर बनवाकर गरीब की गरीमा भी बढ़ाई.

उन्होंने आगे लिखा- उस कार्यकाल में जहां सर्जिकल स्ट्राइक हुई, एयर स्ट्राइक हुई. वहीं हमने वन रैंक वन पेंशन, वन नेशन वन टैक्स- जीएसटी, किसानों की MSP की बरसों पुरानी मांगों को भी पूरा करने का काम किया. पहला कार्यकाल अनेकों आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए समर्पित रहा.

फैसले बड़े सपनों की उड़ानः प्रधानमंत्री

पहले कार्यकाल के बाद पिछले साल बतौर प्रधानमंत्री अपना दूसरा कार्यकाल शुरू करने वाले पीएम मोदी ने लिखा कि 2019 में आपका आशीर्वाद, जनता का आशीर्वाद, देश के बड़े सपनों के लिए था, आशाओं-आकंक्षाओं की पूर्ति के लिए था. इस एक साल में लिए गए फैसले इन्हीं बड़े सपनों की उड़ान है. उन्होंने आगे लिखा कि सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास' इस मंत्र को लेकर आज देश सामाजिक हो या आर्थिक, वैश्विक हो या आंतरिक, हर दिशा में आगे बढ़ रहा है.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने दूसरे कार्यकाल के पहले साल की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए लिखा, 'पिछले एक साल में कुछ महत्वपूर्ण निर्णय ज्यादा चर्चा में रहे और इस वजह से इन उपलब्धियों का स्मृति में रहना भी बहुत स्वाभाविक है.' अनुच्छेद 370, राम मंदिर निर्माण, तीन तलाक हो या फिर नागरिकता संशोधन कानून, ये सारी उपलब्धियां सभी को स्मरण हैं.

उन्होंने लिखा कि एक के बाद एक हुए इन ऐतिहासिक निर्णयों के बीच अनेक फैसले और बदलाव ऐसे भी हैं जिन्होंने भारत की विकास यात्रा को नई गति और नए लक्ष्य दिए हैं. लोगों की अपेक्षाओं को भी पूरा किया है.

पीएम मोदी ने देश की जनता के नाम लिखे पत्र में कहा कि चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ के पद के गठन ने जहां सेनाओं में समन्वय को बढ़ाया है, मिशन गगनयान के लिए भी भारत ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं.

किसान सम्मान निधि के दायरे में हर किसानः प्रधानमंत्री

गरीब, किसान, महिलाओं और युवाओं का जिक्र करते हुए मोदी ने लिखा कि अब पीएम किसान सम्मान निधि के दायरे में हर किसान आ चुका है. पिछले एक साल में एस योजना के तहत 9.50 करोड़ से ज्यादा किसानों के खातों में 72 हजार करोड़ रुपये से अधिक राशि जमा कराई गई है.

उन्होंने कहा कि 15 करोड़ से अधिक ग्रामीण घरों में पीने का शुद्ध पानी पाइप से मिले, इसके लिए जल जीवन मिशन शुरू किया गया. 50 करोड़ से अधिक के पशुधन के बेहतर स्वास्थ्य के लिए मुफ्त टीकाकरण का बड़ी अभियान चलाया जा रहा है.

प्रधानमंत्री मोदी ने जनता को लिखे पत्र में कहा कि देश के इतिहास में यह पहली बार हुआ है जब किसान, खेत मजदूर, छोटे दुकानदार और असंगठित क्षेत्र के श्रमिक साथियो, सभी के लिए 60 साल की आयु के बाद 3 हजार रुपये की नियमित मासिक पेंशन की सुविधा सुनिश्चित हुई है.

मछुआरों की सहूलियत बढ़ाने के लिए, सुविधाओं और ब्लू इकोनॉमी को मजबूत करने के लिए अलग से विभाग बनाया गया है. व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए व्यापारी कल्याण बोर्ड के निर्माण का निर्णय लिया गया है. साथ ही स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी करीब 7 करोड़ बहनों को भी अब ज्यादा वित्तीय सहायता दी जा रही है. इन समूहों के लिए बिना गारंटी के ऋण को 10 लाख से बढ़ाकर दोगुना यानी 20 लाख कर दिया गया है.

उन्होंने आगे लिखा कि आदिवासी बच्चों की शिक्षा के लिए देश में 450 से ज्यादा नए एकलव्य मॉडल रेसिडेंशियल स्कूलों का निर्माण शुरू किया गया.

संसद ने पिछले रिकॉर्ड तोड़ डालेः प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री से संसदीय कार्यवाही का जिक्र करते हुए कहा कि सामान्य जन के हित से जुड़े बेहतर कानून बनें, इसके लिए भी पिछले 1 साल में तेजी से काम हुआ और पिछला रिकॉर्ड तोड़ दिया. यही कारण है कि कंज्यूमर प्रोटेक्शन एक्ट हो, चिटफंड कानून में संशोधन हो, दिव्यांगों, महिलाओं और बच्चों को अधिक सुरक्षा देने वाले कानून हों, ये सब तेजी से बन पाए हैं.

शहरों और गांवों के बीच खाई कम होने का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने लिखा कि पहली बार ऐसा हुआ है जब गांव में इंटरनेट का इस्तेमाल करने वालों की संख्या शहर में इंटरनेट इस्तेमाल करने वालों से 10 फीसदी ज्यादा हो गई.

कोरोना पर बोले पीएम- नियमों का निष्ठा से पालन हो

वैश्विक महामारी कोरोना का उल्लेख करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि हम तेज गति से आगे बढ़ रहे थे कि कोरोना वैश्विक महामारी ने भारत को भी घेर लिया. कई लोगों ने आशंका जताई थी जब कोरोना भारत पर हमला करेगा तो भारत पूरी दुनिया के लिए संकट बन जाएगा. लेकिन आज आपने भारत को देखने का नजरिया बदलकर रख दिया है.

पीएम मोदी ने कहा कि ताली-थाली बजाने और दीया जलाने से लेकर भारत की सेनाओं द्वारा कोरोना वॉरियर्स का सम्मान हो, जनता कर्फ्यू या देशव्यापी लॉकडाउन के दौरान नियमों का निष्ठा से पालन हो, हर अवसर पर आपने ये दिखाया है कि एक भारत ही श्रेष्ठ भारत की गारंटी है.

प्रवासियों की तकलीफ दूर करने की कोशिश कर रहेः प्रधानमंत्री

प्रवासी श्रमिकों को हो रही असुविधा पर पीएम मोदी ने कहा कि निश्चित तौर पर इतने बड़े संकट में कोई ये दावा नहीं कर सकता कि किसी को कोई तकलीफ या असुविधा न हुई हो. श्रमिक, प्रवासी मजदूर भाई-बहन, छोटे-छोटे उद्योगों में काम करने वाले कारीगर, पटरी पर सामान बेचने वाले, रेहड़ी-ठेला लगाने वाले, दुकानदार, लघु उद्धमियों ने असीमित कष्ट सहा है. इनकी परेशानियों को दूर करने की कोशिश कर रहे हैं.

उन्होंने कहा कि हमें यह भी ध्यान रखना है कि हो रही असुविधा, जीवन पर आफत न बन जाए. हर किसी को दिशा-निर्देश का पालन करना बहुत आवश्यक है. जोधैर्य और जीवटता बनाए रखा है, उसे आगे भी बनाए रखें. यह एक बड़ा कारण है कि भारत आज अन्य देशों की तुलना में ज्यादा संभली हुई स्थिति में है. लड़ाई लंबी है लेकिन हम विजय पथ पर चल पड़े हैं और विजयी होना हमारा सामूहिक संकल्प है.

पिछले दिनों आए अम्फान पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि अभी पश्चिम बंगाल और ओडिशा में आए अम्फान चक्रवात के दौरान जिस हौसले के साथ वहां के लोगों ने स्थितियों का सामना किया, चक्रवात से होने वाले नुकसान को कम किया, वह भी हम सभी के लिए बड़ी प्रेरणा है.

आर्थिक क्षेत्र में भी कायम करेंगे मिसालः प्रधानमंत्री

अर्थव्यस्था के बारे में प्रधानमंत्री मोदी ने जनता के नाम लिखे पत्र में कहा कि आज यह चर्चा बहुत व्यापक है कि भारत समेत तमाम देशों की अर्थव्यवस्थाएं कैसे उबरेंगी. लेकिन दूसरी ओर ये विश्वास भी है कि जैसे भारत ने अपनी एकजुटता से कोरोना के खिलाफ लड़ाई में पूरी दुनिया को अचंभित किया, वैसे ही आर्थिक क्षेत्र में भी हम नई मिसाल कायम करेंगे. 130 करोड़ भारतीय अपने सामर्थ्य से आर्थिक क्षेत्र में भी विश्व को चकित ही नहीं बल्कि प्रेरित भी कर सकते हैं.

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज समय की मांग है कि हमें अपने पैरों पर खड़ा होना ही होगा. अपने बलबूते पर चलना ही होगा और इसके लिए एक ही मार्ग है आत्मनिर्भर भारत. अभी हाल में आत्मनिर्भर भारत अभियान के लिए दिया गया 20 लाख करोड़ का पैकेज इसी दिशा में उठाया गया बड़ा कदम है. यह अभियान हर किसी के लिए नए अवसरों का दौर लेकर आएगा. भारत आयात पर अपनी निर्भरता कम करेगा और आत्मनिर्भरता की ओर आगे बढ़ेगा.

पत्र के अंत में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि गुजरे 6 सालों की इस यात्रा में आपने निरंतर आशीर्वाद दिया है. देश पिछले 1 साल में ऐतिहासिक निर्णयों और विकास की अभूतपूर्व गति के साथ आगे बढ़ा है. लेकिन अब भी बहुत कुछ करना बाकी है.

मेरे संकल्प की ऊर्जा आपः प्रधानमंत्री

उन्होंने कहा कि मेरे संकल्प की ऊर्जा आप ही हैं, आपका समर्थन, आपका आशीर्वाद, आपका स्नेह. उन्होंने कहा कि वैश्विक महामारी के कारण यह संकट की घड़ी तो है ही, लेकिन हम देशवासियों के लिए यह संकल्प की घड़ी भी है. हमें याद रखना है कि 130 करोड़ भारतीयों का वर्तमान और भविष्य कोई आपदा या कोई विपत्ती तय नहीं कर सकती.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनता में जोश का संचार करते हुए लिखा कि हम अपना वर्तमान भी खुद तय करेंगे और अपना भविष्य भी. हम आगे बढ़ेंगे, हम प्रगति पथ पर दौड़ेंगे, हम विजयी रहेंगे. अंत में उन्होंने लिखा- स्वस्थ रहिए, सुरक्षित रहिए. जागृत रहिए, जागरुक रखिए.

Friday, May 29, 2020

भूखे प्रवासी मज़दूर को चलती ट्रेन से कूदकर आत्महत्या को उकसाने वाले झारखंड के अधिकारी श्री ए पी सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर निलंबन की मांग





#रांची।
आम आदमी पार्टी के प्रदेश सचिव राजन कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन को पत्र लिखकर प्रवासी मज़दूर को चलती ट्रेन से कूदकर आत्महत्या को उकसाने वाले नोडल अधिकारी श्री एपी सिंह के खिलाफ शिकायत कर सख्त कार्यवाई की मांग की है।

उन्होंने पत्र में लिखा कि 28-5-2020 को श्री एपी सिंह का एक ऑडियो वाइरल हुआ जो बहुत चिंताजनक है।

ऑडियो के अनुसार श्रमिक ट्रेन पर सफर कर रहे झारखंड के भूखे मज़दूर ने जब उक्त अधिकारी को फोन कर खाना नहीं मिलने की शिकायत की, तब उन्होंने मज़दूर से कहा- "ट्रेन से कूद जाओ"।

राजन सिंह ने कहा कि कोरोना लॉकडाउन की कड़ी विपदा में इतनी मुश्किल से भूखे प्यासे बच्चों के साथ सफर कर रहे मज़दूर द्वारा भूख की शिकायत करने पर उसे चलती ट्रेन से कूदने और आत्महत्या के लिए झारखंड के इतने वरिष्ठ अधिकारी उकसा रहे हैं। ये अमानवीय और संगीन अपराध है। इन्होंने पूरे झारखंड को शर्मसार किया है।

पत्र में आम आदमी पार्टी की ओर से मांग की गई कि उक्त ऑडियो की समुचित जांच करके दोषी अधिकारी के तत्काल निलंबन, FIR दर्ज करने और सख्त कार्यवायी की मांग करती है। साथ में यह भी माँग की गई कि इनकी सेवा झारखंड से समाप्त कर केंद्र सरकार को वापस भेजा जाये।


हजारीबाग:विष्णुगढ़ में विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल व सत्संग प्रमुख के सौजन्य से सेनेटाइजेशन कार्य जारी



श्री प्रसाद सोनी। #विष्णुगढ़/हजारीबाग। विष्णुगढ़ प्रखंड में विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल व हजारीबाग जिला सत्संग प्रमुख वरुण कुमार के सौजन्य से सेनेटाइज का कार्य चल रहा है। जिसके अंतर्गत आज विष्णुगढ़ के कुसुम्भा एवं गोविन्दपुर पंचायत के कुसुम्भा, बाबुडीह, डुमरडीहा, जमुआ आदि आदिवासी गांवों के मंदिर,गली मुहल्लों व सभी सामाजिक स्थलों को सेनेटाइज किया गया। पिछले कई दिनों से वरुण कुमार के द्वारा कई प्रकार के सामाजिक कार्यक्रम किए जा चुके है। जिसमें गरीब एवं असहाय लोगों के बीच खाद्य सामग्री भी बांटा गया।बजरंग दल सत्संग प्रमुख ने कहा कि इस तरह के सामाजिक कार्यक्रम जब तक लॉकडाउन रहेगा तब तक चलता रहेगा। पिछले कई दिनों से विभिन्न पंचायतों में घूम-घूम कर खाद्य सामग्री का वितरण किया जा रहा है। वरुण कुमार पूर्व में विष्णुगढ़ प्रखंड के बजरंगदल प्रखंड संयोजक थे। झारखंड प्रांत द्वारा इनके कार्य को देखते हुए इन्हें जिला सत्संग प्रमुख बनाया गया।
उन्होंने बताया कि वे अन्य लोगों के माध्यम से संपर्क कर गरीब असहाय परिवारों को सहायता प्रदान कर रहे हैं। श्री कुमार ने कहा कि कोई परिवार ऐसा है तो मुझसे संपर्क करें,जहां तक होगा मदद किया जाएगा। इस कार्यक्रम में उपस्थित करनी सेना के प्रदेश आई टी सेल प्रमुख रवि सिंह, बजरंग दल के धर्मेन्द्र कसेरा, विष्णु कुमार, शिवम पाण्डेय, रंजीत कुमार, भीम राम, श्रवण कुमार, विकास, नकुल, रितिक, बिनोद, लालजी, रवि, प्रदीप, संतोष, वासुदेव,अशोक, तुलसी, राजु, आदि उपस्थित थे।

झारखण्ड में प्रथम गैस शव दाह गृह हरमू में तैयार,BPL वालों को मिलेगी 50% छूट


इस शव दाह गृह में BPL वालों को मिलेगी 50% छूट
#राँची।
झारखण्ड में प्रथम गैस शव दाह गृह हरमू में तैयार हो चुका है। बताते चलें कि राँची नगर निगम द्वारा निर्मित शवदाह गृह का आज दिनांक 29 मई 2020 को राँची नगर निगम के महापौर श्रीमती आशा लकड़ा, उपमहापौर श्री संजीव विजयवर्गीय,राँची नगर निगम के स्वास्थ्य पदाधिकारी, वार्ड नंबर 26 के पार्षद श्री अरुण झा एवं नगर निगम के अभियंताओं तथा मारवाड़ी सहायक समिति के अध्यक्ष श्री प्रदीप राजगढ़िया की उपस्थिति में रिम्स अस्पताल से एक लावारिस शव को प्राप्त कर हरमू मुक्तिधाम स्थित इस नवनिर्मित गैस शवदाह गृह में उक्त शव का दाह कर परीक्षण किया गया। जिसमें 40 मिनट का समय लगा।अब यह शवदाह गृह सर्वसाधारण के उपयोग हेतु कुछ दिनों के बाद हमेशा के लिए खोल दिया जाएगा। जिसमें समय के साथ-साथ पैसे की भी बचत होगी। यह शवदाह गृह राँची नगर निगम द्वारा मारवाड़ी सहायक समिति को संचालन हेतु प्रदान किया गया है ।जिसमें मारवाड़ी सहायक समिति ने तत्परता पूर्वक कार्य करते हुए इस शवदाह गृह को एक माह में मरम्मत कर पूरा कर दिया। इस शवदाह गृह में शवदाह का जो चार्ज होगा उसमें बीपीएल वालों के लिए 50% की छूट होगी ।
नमकिशन कुमार जी ,व संगीता तलवार जी ने मिलकर एस पी सिंह जी के सहयोग से पॉकेट G27,G30 व E21 के कुछ खाँचे सेनीटाईज़ कराए (जहाँ पर कोरोना के मरीज़ थे ) धन्यवाद करती हूँ भाई गुरदीप ऐंघ जी का जो इस महामारी में भी सबके घरों में सेनीटाईज़ कर रहे है।
पॉकेट G27 सेक्टर 3 में सभी निवासियो के सहयोग से बीनस्टार वेलफ़ेअर की तरफ़ से करमवीर योद्धाओं का सम्मान किया गया।जिसमें सफ़ाई कर्मचारी ,मलेरिया कर्मचारी व पेड़ काटने वाले ,प्रेस वाली ,गाड़ी सफ़ाई ,सेनीटाइज़र वाले इन सभी योद्धाओं को सम्मानित किया गया व संगीता तलवार जी ने खुद खड़े होकर सारे ब्लॉक की सफ़ाई करवाई।
  तलवार अध्यक्ष बीनस्टार  धन्यवाद करती हूँ हमारे आर डब्लू का ,एन के तिवारी जी , टीसी शर्मा जी ,संजय विज जी ,रविंद्र राजेश जी ,, मंजु जी , आशा , रमोती , राजकुमार जी  ,बलराम जी ,अशोक जैन जी व साथी 
संगीता तलवार —अध्यक्ष बीनस्टार

Tuesday, May 26, 2020

धनबाद के गोविंदपुर में पुल से नदी में गिरी कार, 5 की मौके पर ही मौत




-सुबह 5:30 बजे दुर्घटना, डिवाइडर से टकराकर हवा में 25 फीट ऊपर तक लहराई कार, फिर 40 फीट नीचे नदी में गिरी
-गया से कोलकाता तेज रफ्तार में जा
रही थी होंडा सिटी स्वीफ्ट कार

#धनबाद। आज तड़के करीब 5: 30 बजे जीटी रोड पर बड़ा ख़ौफ़नाक हादसा हुआ जिसमें एक कार में सवार सभी 5 लोगों की मौके पर मौत हो गई। होंडा सिटी स्वीफ्ट कार WB07J3228 में सवार ये लोग गया से कोलकाता जा रहे थे। हादसे में एक 2 वर्षीय बच्ची, एक महिला और तीन पुरुषों की मौत हो गई। मृतकों में मो.इकबाल अहमद, दालिश नवाज,अनाबिया नवाज व अन्य शामिल हैं।


ऐसे हुआ ख़ौफ़नाक हादसा

तेज रफ्तार में जा रही कार गोबिंदपुर थाना अंतर्गत बरवापूर्व के पास खुदिया पुल पर एकाएक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद सीधे नदी में जा गिरी।
यह दुर्घटना कितनी ख़ौफ़नाक थी, इसका अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि कार पुल पर पूरी तरह चढ़ने से पहले ही डिवाइडर से टकरा कर हवा में 20-25 फीट ऊपर उड़ गई। फिर पुल के किनारे की रेलिंग को बिना छुए करीब 40 फीट नीचे गहरी नदी में उल्टे जा गिरी। चारों चक्के ऊपर थे। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कार एक्शन फिल्म की तरह हवा में लहराती नजर आई। नदी में पानी है और कार के दरवाजे लॉक थे। समझा जा रहा है कि पानी के अंदर कार में दम घुटने से सभी की मौके पर ही मौत हो गई।

सुबह 4 बजे कोलकाता स्थित अपने
परिजनों से की थी अंतिम बार बात

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ये सभी गया स्थित अपने घर से कोलकाता जा रहे थे। बरामद मोबाइल के कॉल रिकॉर्ड के अनुसार सुबह करीब 4 बजे इनलोगों की कोलकाता स्थित परिजनों से अंतिम बार बात हुई थी। दुर्घटना की सूचना दिए जाने के बाद परिजन कोलकाता से धनबाद के लिए विदा हो चुके हैं।

पुलिस ने लोगों के सहयोग से कार से निकाले सभी शव

दुर्घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग वहां जुट गए। पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों के सहयोग से कार से लोगों को बचाने की कोशिश की। मगर सबकी मृत्यु हो चुकी थी। इसके बाद लोगों के सहयोग से कार को सीधा कर सभी शव निकाले गए। शवों को एक मालवाहक में लाद कर पोस्टमार्टम के लिए धनबाद पीएमसीएच भेज दिया गया है।

Monday, May 25, 2020

मुंबई के बांद्रा से आये 1,938 प्रवासी मजदूरों/व्यक्तियों का सरिया, हजारीबाग रोड रेलवे स्टेशन पर किया गया भव्य स्वागत


बाहर से आये सभी श्रमिकों का थर्मल स्कैनिंग के पश्चात सैनिटाइज्ड बसों के माध्यम से भेजा गया उनके गंतव्य स्थान....


 बाहर से आए श्रमिकों के लिए स्टेशन परिसर में ही फूड पैकेट व पेयजल की व्यवस्था की गई थी...
सोशल डिस्टेंसिंग के साथ-साथ जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन करें

वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के बढ़ते प्रसार को देखते हुए देशव्यापी तालाबंदी को 31 मई तक विस्तारित किया गया है। पूर्णत तालाबंदी के दौरान झारखंड राज्य के बाहर दूसरे राज्यों में फंसे हुए प्रवासी मजदूरों/व्यक्तियों को वापस लाने की प्रक्रिया राज्य सरकार तथा जिला प्रशासन के द्वारा किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज दिनांक 25.05.20 को बांद्रा, महाराष्ट्र से विशेष ट्रेन के माध्यम से झारखंड के विभिन्न जिलों के 1938 प्रवासी श्रमिक एवं अन्य व्यक्तियों का आगमन बगोदर सरिया, हजारीबाग रोड रेलवे स्टेशन पर हुआ। इस दौरान जिला प्रशासन के द्वारा सभी श्रमिकों का भव्य स्वागत किया गया तथा सकुशल घर वापसी हेतु ढेरों शुभकामनाएं दी गई। जिला प्रशासन के द्वारा सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन कराते हुए सभी श्रमिकों को ट्रेन से उतारा गया एवं स्टेशन परिसर में स्वास्थ्य परीक्षण हेतु बने काउंटर में उनका थर्मल स्कैनिंग व स्वास्थ्य जांच संबंधित अन्य सभी प्रक्रिया पूर्ण की गई। इसके पश्चात उन्हें उनके गंतव्य स्थान तक जाने हेतु अलग-अलग जिलों के सैनिटाइज्ड बसों में बैठाकर हजारीबाग रोड रेलवे स्टेशन से रवाना किया गया।


झारखंड राज्य के विभिन्न जिलों के मजदूर हजारीबाग रोड रेलवे स्टेशन पहुंचे...

प्रवासी मजदूरों में झारखंड के विभिन्न जिलों से करीब 1938 प्रवासी मजदूर हजारीबाग रोड रेलवे स्टेशन पहुंचे। जिनमें से गिरिडीह 500, पलामू 43, कोडरमा 177, गढ़वा 21, दुमका 29, लातेहार 28, चतरा 136, पूर्वी सिंहभूम 135, रांची 123, धनबाद 32, पाकुड़ 27, सिमडेगा 51, हजारीबाग 246, गोड्डा 23, वेस्ट सिंहभूम 36, गुमला 32, सरायकेला खरसावां 04, साहिबगंज 69, बोकारो 83, देवघर 43, हटिया 26, बालूमठ 18, जामताड़ा 17, हड़िया 13, हेसेलकुटी 11, गिरिया 8, मिंडा 7, रामगढ़ 1 श्रमिक शामिल हैं।

*- पर्याप्त संख्या में चिकित्सकों की टीम के साथ दंडाधिकारी एवं सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है...*

बांद्रा महाराष्ट्र से आने वाले 1938 प्रवासी मजदूरों की सुरक्षा हेतु स्टेशन परिसर में पर्याप्त संख्या में चिकित्सा कर्मी के साथ साथ दंडाधिकारी एवं पुलिस कर्मी की प्रतिनियुक्ति की गई है। स्टेशन परिसर में सुरक्षा के दृष्टिकोण को देखते हुए पुख्ता इंतजाम किया गया है। ताकि श्रमिकों को किसी भी तरह के कठिनाई का सामना ना करना पड़े।

सुरक्षा के दृष्टिकोण से स्टेशन परिसर में किया गया है पुख्ता इंतजाम...

श्रमिकों के आगमन को लेकर हजारीबाग रोड रेलवे स्टेशन परिसर को पूर्ण रूप से सैनिटाइज्ड किया गया था। तथा सोशल डिस्टेंसिंग के अनुपालन हेतु जगह-जगह बैरिकेडिंग कर गोल घेरा का निर्माण कराया गया था। जिससे कि सामाजिक दूरी का अनुपालन कराया जा सके। इसके अलावा सुरक्षित व्यवस्था व विधि व्यवस्था का संधारण हेतु स्टेशन परिसर में पर्याप्त संख्या में मेडिकल टीम के साथ साथ दंडाधिकारी एवं सुरक्षा कर्मी की तैनाती पूर्व से की गई थी।

श्रमिकों के स्वागत के पश्चात स्वास्थ्य जांच के उपरांत सैनिटाइज्ड बस के माध्यम से भेजा गया उनके गंतव्य स्थान...

श्रमिकों के आने के पश्चात सर्वप्रथम स्वास्थ्य जांच के उपरांत सभी श्रमिकों के लिए फूड पैकेट व पेयजल की व्यवस्था स्टेशन परिसर में ही की गई थी। सभी प्रवासी मजदूरों को भोजन का पैकेट एवं पानी का बोतल उपलब्ध कराया गया था। तत्पश्चात जिला प्रशासन के द्वारा स्टेशन परिसर से अपने-अपने जिलों के लिए निर्धारित सैनिटाइज्ड बसों में बैठाकर सभी श्रमिकों को उनके गंतव्य स्थान के लिए रवाना किया गया। इसके अलावा उपायुक्त ने सभी श्रमिकों से अपील करते हुए कहा कि कोरोना वायरस जैसी खतरनाक बीमारी पर जीत हासिल करने हेतु सबसे आवश्यक है सामाजिक दूरी का अनुपालन करना। इसके साथ ही साफ सफाई पर विशेष ध्यान देना तथा जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा निर्देशों का अनुपालन करना। उन्होंने कहा कि मास्क का उपयोग कर एवं सामाजिक दूरी का अनुपालन कर कोरोना जैसी महामारी पर जीत हासिल किया जा सकता है। घर में रहे तथा राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन द्वारा जारी गाइडलाइन का अक्षरश: अनुपालन करें।

इस अवसर पर ये थे उपस्थित...

पुलिस अधीक्षक, गिरिडीह, सिविल सर्जन, अनुमंडल पदाधिकारी बगोदर-सरिया, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बगोदर-सरिया, जिला परिवहन पदाधिकारी, स्टेशन मास्टर, प्रखंड विकास पदाधिकारी बगोदर, अंचलाधिकारी, बगोदर, प्रखंड विकास पदाधिकारी सरिया, अंचलाधिकारी, सरिया एवं अन्य पदाधिकारी गण उपस्थित थे।


बजरंगदल द्वारा काली मंदिर, कोरोटाइन सेन्टर व ढन्गर टोली को कराया गया सैनिटाइज




श्री प्रसाद सोनी।#विष्णुगढ़/हजारीबाग। विष्णुगढ़ प्रखंड में विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल हजारीबाग जिला सत्संग प्रमुख *वरुण कुमार के सौजन्य से सैनिटाइज का कार्यक्रम चल रहा है। जिसके अंतर्गत विष्णुगढ़ प्रखण्ड के काली मंदिर, कोरोटाइन सेन्टर परियोजना बालिका उच्च विधालय, ढन्गर टोली भलुवा आदि गाॅवों के सभी गली, विद्यालय, मंदिर, सामाजिक स्थल को सैनिटाइज किया गया। जन सुरक्षा के मद्देनजर वरूण कुमार पिछले कई दिनों से विष्णुगढ़ प्रखण्ड के विभिन्न क्षेत्रों में अनाज वितरण एवं सेनेटाईज कार्यक्रम चला रहे हैं।


श्री कुमार के द्वारा जनहित में किए जा रहे इस कार्य को लेकर लोग काफी सहारना कर रहे हैं। साथी सोशल मीडिया के माध्यम से पुणे धन्यवाद ज्ञापन की जा रही है।लोगो से अपील किया जा रहा है कि विश्व व्याप्त कोरोना महामारी से खुद सचेत रहने की जरूरत है। इस नेक कार्यक्रम में करणी सेना के प्रदेश आई टी सेल प्रमुख रवि सिंह बजरंग दल के शिवम पाण्डेय, , विक्की कुमार ॠतिक वर्णवाल गोलु गोस्वामी दिलीप साव ने मुख्य भूमिका निभाई।

Sunday, May 24, 2020

भारतीय रेलवे ने 24 मई की सुबह 10 बजे तक 2813 श्रमिक स्पेशल ट्रेनें चलाई, 37 लाख से भी अधिक यात्रियों ने यात्रा किए




रेलवे नेटवर्क पर ट्रैफिक जाम की स्थिति काफी सुधर गई है और ट्रेनें चलने की गति भी अत्‍यंत तेज हो गई है।

80 प्रतिशत श्रमिक स्पेशल ट्रेनें उत्तर प्रदेश और बिहार के विभिन्न गंतव्यों के लिए रवाना हुई हैं।

इन्‍हीं गंतव्यों की ओर अधिकतर ट्रेनों का परिचालन होने से रेलवे नेटवर्क पर जाम की स्थिति बन गई।

रेलवे स्टेशनों पर स्वास्थ्य और सामाजिक दूरी संबंधी विभिन्न प्रोटोकॉल के कारण यात्रियों के उतरने में ज्‍यादा समय लगने से भी टर्मिनलों पर भीड़ बढ़ गई और नेटवर्क पर जाम जैसी स्थिति बन गई

रेलवे नेटवर्क पर जाम को कम करने के लिए कुछ ट्रेनों को मथुरा, झारसुगुड़ा के रास्ते चलाया गया।

रेलवे बोर्ड स्तर, जोनल रेलवे स्तर और संभागीय स्तर पर चौबीसों घंटे निगरानी

आईआरसीटीसी और रेलवे ने श्रमिक स्पेशल ट्रेनों में भोजन एवं पानी की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने और यात्रियों की असुविधा को कम करने के लिए संसाधन जुटाए हैं।

#PIB Delhi:- भारतीय रेलवे ने 24 मई 2020 की सुबह 10 बजे तक 37 लाख से भी अधिक यात्रियों को लेकर 2813 से ज्‍यादा श्रमिक स्पेशल ट्रेनें चलाई हैं। लगभग 60 प्रतिशत ट्रेनें गुजरात, महाराष्ट्र एवं पंजाब से रवाना हुईं और ये मुख्‍य रूप से उत्तर प्रदेश एवं बिहार की तरफ जा रही हैं। 80 प्रतिशत श्रमिक स्पेशल ट्रेनें उत्तर प्रदेश और बिहार के विभिन्न गंतव्यों (उत्तर प्रदेश के लिए 1301 और बिहार के लिए 973) के लिए रवाना हुई हैं। उत्तर प्रदेश में ज्‍यादातर गंतव्य लखनऊ-गोरखपुर सेक्टर और बिहार में अधि‍कतर गंतव्य पटना के आसपास हैं। कल से ही चल रही 565 रेलगाड़ियों में से 266 ट्रेनें बिहार और 172 ट्रेनें उत्तर प्रदेश जा रही थीं।
इन्‍हीं गंतव्यों की ओर अधिकतर ट्रेनों का परिचालन होने से रेलवे नेटवर्क पर जाम की स्थिति बन गई। इसके अलावा, रेलवे स्टेशनों पर स्वास्थ्य और सामाजिक दूरी संबंधी विभिन्न प्रोटोकॉल के कारण यात्रियों के उतरने में ज्‍यादा समय लगने से भी टर्मिनलों पर भीड़ बढ़ जाती है और इस वजह से भी रेलवे नेटवर्क पर जाम की स्थिति बन जाती है।रेलवे नेटवर्क पर जाम को कम करने के लिए कुछ ट्रेनों को मथुरा, झारसुगुड़ा के रास्ते चलाया गया। इसके अलावा, भारी यातायात वाले मार्गों पर भीड़ या जाम से बचने के लिए रूट युक्तिकरण आदेश जारी किया गया है। रेलवे बोर्ड स्तर, जोनल रेलवे स्तर और संभागीय स्तर पर चौबीसों घंटे निगरानी की जा रही है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि ट्रेनें देरी से न चलें। श्रमिक स्‍पेशल ट्रेनों का समय पर चलना सुनिश्चित करने के लिए ट्रेन चलाने वाले कर्मचारियों को भी हिदायत दी गई है। इन प्रयासों की बदौलत रेलवे नेटवर्क पर ट्रैफिक जाम की स्थिति काफी सुधर गई है और ट्रेनें चलने की गति भी अत्‍यंत तेज हो गई है।पूरब की ओर जाने वाली ट्रेनों की संख्‍या में काफी वृद्धि होने के कारण रेलवे नेटवर्क पर जाम की स्थिति बन गई एवं ट्रेनें चलने में देरी हुई और इस कारण भोजन वितरण की निर्धारित समय-सारणी प्रभावित हुई। आईआरसीटीसी और रेलवे ने श्रमिक स्पेशल ट्रेनों में भोजन एवं पानी की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने और यात्रियों की असुविधा को कम करने के लिए संसाधन जुटाए हैं।

बांग्लादेश सरकार ने इस्कॉन संतों को भारत में प्रवेश से रोका

चौंकाने वाली खबर 🚨  बांग्लादेश ने 63 इस्कॉन भिक्षुओं को भारत में प्रवेश करने से रोका सभी के पास वैध पासपोर्ट और वीज़ा थे। आव्रज...