पुलवामा आतंकी हमले को लेकर भारत और पाकिस्तान में चल रहे तनाव के बीच राजस्थान से बड़ी खबर आई है. बुधवार को जयपुर जेल में बंद पाकिस्तानी कैदी शकीरूल्लाह की हत्या कर दी गई है. जयपुर जेल में बंद अन्य कैदियों ने पीट-पीटकर पाकिस्तानी कैदी की हत्या कर दी. जयपुर जेल में ही बंद तीन अन्य सजायाफ्ता कैदियों ने पीट-पीटकर शकीरूल्लाह की हत्या की.
हत्या की खबर मिलते ही जेल प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं, मामले की जांच की जा रही है. बताया जा रहा है कि शकीरूल्लाह जासूसी के अारोप में जेल में बंद था और सजा काट रहा था.
गौरतलब है कि 14 फरवरी को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में हुए आतंकी हमले में 40 जवान शहीद हो गए थे. इस हमले में पाकिस्तान परस्त आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद का हाथ था. इस हमले के बाद से ही पूरे देश में पाकिस्तान के खिलाफ गुस्से का माहौल है. आम जनता लगातार सड़कों पर उतर पाकिस्तान के खिलाफ प्रदर्शन कर रही है और भारत सरकार से कड़ा एक्शन लेने की मांग कर रही है.