Friday, June 19, 2020

राज्यसभा चुनाव :झारखंड समेत 7 राज्यों में 18 सीटों पर मतदान जारी,दीपक प्रकाश व शहजादा अनवर में कांटे की टक्कर




#News desk।भारत में राज्यसभा के 55 सीटों के लिए 19 जून 2020 को चुनाव होने हैं. गुरुवार 18 जून 2020 को नाम वापसी की अंतिम तिथि थी. कुल 17 राज्यों में 55 सीटों के लिए चुनाव होने हैं. अब जबकि 10 राज्यों के 37 सीटों पर खड़े उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हो गये है. बाकी बचे 7 राज्यों के 18 सीटों पर 19 जून को वोट डाले जा रहे हैं. यह चुनाव सत्तारूढ दल भाजपा और प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस के लिए अहम हैं.

जिन 7 राज्यों में 19 जून को राज्यसभा की 18 सीटों के लिए चुनाव हो रहे हैं, उनमें आंध्र प्रदेश, गुजरात, झारखंड, मध्य प्रदेश, मणिपुर, मेघालय और राजस्थान शामिल हैं. चुनाव को लेकर राज्यों में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गयी है. आंध्र प्रदेश में 4, गुजरात में 4, झारखंड में 2, मध्य प्रदेश में 3, मणिपुर में 1, मेघालय में 1 और राजस्थान में 3 सीटों के लिए चुनाव कराये जा रहे हैं.

राज्यसभा का चुनाव हर दो साल में होता है. क्योंकि हर दो साल बाद राज्यसभा के एक तिहाई सदस्यों का कार्यकाल भी पूरा हो जाता है. इस कारण खाली सीटों पर दोबारा चुनाव कराये जाते हैं. सत्ता पक्ष और विपक्ष के लिए राज्यसभा की सीटें काफी मायने रखती हैं. राज्यसभा उच्च सदन है, यहां संख्या बल मजबूत नहीं रहने पर सरकार चाहकर भी किसी कानून में बदलाव नहीं कर सकती है और ना ही नया कानून बना सकती है.

झारखंड की दो सीटों के लिए तीन उम्मीदवार मैदान में

झारखंड में दो सीटों पर हो रहे राज्‍यसभा चुनाव में कुल तीन उम्‍मीदवार चुनावी मैदान में हैं. झामुमो ने शिबू सोरेन, भाजपा ने दीपक प्रकाश और कांग्रेस ने शहजादा अनवर को प्रत्‍याशी बनाया है. झारखंड में झारखंड मुक्ति मोरचा, कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल के गंठबंधन की सरकार है. भाजपा यहां मुख्य विपक्षी दल है. 31 विधानसभा वाले इस राज्य में झारखंड मुक्ति मोरचा के 29 विधायक हैं, भाजपा के पास 26 विधायक हैं, जबकि कांग्रेस के पास 17 विधायक हैं. इनमें झारखंड मुक्ति मोर्चा के उम्‍मीदवार शिबू सोरेन और भाजपा के दीपक प्रकाश की जीत पक्की मानी जा रही है. बीजेपी के दीपक प्रकाश एवं कांग्रेस के शहजादा अनवर के बीच कांटे की टक्कर बताई जा रही है.

राजस्थान में राज्यसभा की तीन सीटों के लिए 4 उम्मीदवार मैदान में

राजस्थान में राज्यसभा की तीन सीटों पर शुक्रवार को होने वाले चुनाव में तीन सीटों पर चार उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं. सत्ताधारी कांग्रेस और विपक्षी भाजपा ने अपनी अपनी पार्टियों और उनको सर्मथन दे रहे विधायकों को अलग-अलग होटलों में रूकवा रखा है. सभी विधायक शुक्रवार को सुबह नौ बजे से राजस्थान विधानसभा भवन में चुनावी प्रक्रिया में भाग लेंगे. कांग्रेस की ओर से दो और भाजपा की ओर से भी दो उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किया है. कांग्रेस ने के सी वेणुगोपाल और नीरज डांगी को मैदान में उतारा है जबकि भाजपा ने राजेन्द्र गहलोत और ओंकार सिंह लखावत को उम्मीदवार बनाया है.

आंध्र प्रदेश में चार सीटों के लिए 5 उम्मीदवार

राज्य विधानसभा में पर्याप्त संख्या रहने के कारण सत्तारूढ़ वाईएसआर कांग्रेस के चारों सीटों पर जीत हासिल करने के आसार हैं. वर्ष 2014 में राज्य के बंटवारे के बाद पहली बार यहां राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव हो रहा है. वैसे तो यहां निर्विरोध ही चुनाव हो जाता लेकिन मुकाबले में पांच उम्मीदवारों के होने के कारण मतदान के आसार हैं. इसमें वाईएसआर कांग्रेस के चार और विपक्षी तेलगू देशम पार्टी के एक उम्मीदवार हैं. वाईएसआर कांग्रेस से उपमुख्यमंत्री पिल्ली सुभाष चंद्र बोस, मंत्री मोपिदेवी वेंकट रमन राव, रियल इस्टेट कारोबारी ए अयोध्या रामी रेड्डी और रिलायंस इंडस्ट्रीज के सीनियर ग्रुप अध्यक्ष परिमाल नाथवानि आरे मुकाबले में हैं. तेदेपा ने अनुसूचित जाति का कार्ड खेलते हुए पोलित ब्यूरो सदस्य वर्ला रामैया को मैदान में उतारा है.

*मध्य प्रदेश में तीन सीटों के लिए चार उम्मीदवार मैदान में*

मध्य प्रदेश में राज्यसभा की तीन सीटों के लिए शनिवार को होने जा रहे चुनाव से पहले राज्य में सत्तारूढ़ भाजपा और विपक्षी दल कांग्रेस के विधायक अपनी रणनीति को अंतिम रूप देने के लिए बैठकें कर रहे हैं. राज्यसभा की तीन सीटों के लिए दोनों ही दलों ने दो-दो उम्मीदवार उतारे हैं. भाजपा को विश्वास है कि उसके दोनों उम्मीदवार पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और सुमेर सिंह सोलंकी चुनाव में विजयी होंगे. कांग्रेस ने दिग्वियज सिंह और वरिष्ठ दलित नेता फूल सिंह बरैया को अपना उम्मीदवार बनाया है.

मिजोरम में एक सीट के लिए त्रिकोणीय मुकाबला

मिजोरम में राज्यसभा की एकमात्र सीट के लिए त्रिकोणीय मुकाबला होना तय है. सत्तारूढ़ मिजो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ) ने पार्टी नेता के कनललवेना को उम्मीदवार बनाया है जबकि जोरम पीपुल्स मूवमेंट (जेडपीएम) और कांग्रेस ने क्रमश: बी लालछनजोवा तथा लल्लिंछुंगा को उम्मीदवार बनाया है. चालीस सदस्यीय मिजोरम विधानसभा में, एमएनएफ के 27 सदस्य हैं जबकि जेडपीएम के सात, कांग्रेस के पांच और भाजपा के एक विधायक हैं.

गुजरात में चार सीटों के लिए पांच प्रत्याशी मैदान में

गुजरात में राज्यसभा चुनाव से दो दिन पहले बुधवार को सत्तारूढ़ भाजपा और विपक्षी कांग्रेस ने अपने-अपने विधायकों के साथ बैठकें कीं. उप-मुख्यमंत्री नितिन पटेल ने कहा, ‘हालांकि तीन सीटों पर हमारी जीत पक्की है, लेकिन राज्यसभा चुनाव से पहले विधायकों की बैठक बुलाना पार्टी की परंपरा है. उन्होंने कहा, हमारे सभी विधायक मौजूद हैं और वे मतदान होने तक गांधीनगर नहीं छोड़ेंगे. विपक्षी कांग्रेस ने भी अहमदाबाद हवाई अड्डे के पास एक पांच-सितारा होटल में अपने करीब 60 विधायकों के लिए इसी तरह का प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया. गुजरात में राज्यसभा की चार सीटों के लिए चुनाव आवश्यक हो गया है क्योंकि भाजपा ने तीसरा उम्मीदवार मैदान में उतारा है. इससे कुल उम्मीदवारों की संख्या पांच हो गयी.

No comments:

Post a Comment

बांग्लादेश सरकार ने इस्कॉन संतों को भारत में प्रवेश से रोका

चौंकाने वाली खबर 🚨  बांग्लादेश ने 63 इस्कॉन भिक्षुओं को भारत में प्रवेश करने से रोका सभी के पास वैध पासपोर्ट और वीज़ा थे। आव्रज...