Saturday, October 5, 2019

गिरीडीह के चैनपुर मे दशहरा हुआ गमगीन;बेलगाम हुए अपराधी,टांगी से काटकर कर दी हत्या



#गिरीडीह के चैनपुर मे दशहरा हुआ गमगीन                         #शराब के नशे में कर दी कुल्हाड़ी से मार कर हत्या                         #मौक-ए- वारदात पर ही हो गई मौत                                #आरोपी हत्या के जुर्म में डेढ़ साल पहले जेल से छुटा था
डुमरी(गिरीडीह)।  डुमरी अनुमंडल के  मधुबन थाना क्षेत्र में  चैनपुर पंचायत अन्तर्गत बेलवाटोंंगरी टोला में शुक्रवार को दो लोगों के बीच किसी बात को ले हुई हिंसक झड़प में कुल्हाड़ी से वार कर एक ने दूसरे को मौत के घाट उतार दिया। 

जानकारी के अनुसार दोनों शराब के नशे में धुत थे।इस बाबत बताया जाता है कि बेलवाटोंंगरी निवासी भुनेश्वर यादव (33) एवं भगीरथ तुरी के बीच किसी बात को ले कर तू तू मै मै हो रही थी जो बढ़ते बढ़ते हिंसक झड़प में बदल गयी । इसी बीच भगीरथ ने भुनेश्वर पर कुल्हाड़ी से गर्दन,छाती व पीठ पर घातक प्रहार कर दिया।घटना में भुनेश्वर की मौत घटना स्थल पर ही हो गई।इधर घटना से आक्रोशित परिजनों व ग्रामीणों ने डुमरी गिरिडीह पथ को जाम कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ नीरज कुमार सिंह इंस्पेक्टर दिनेश सिंह डुमरी थाना प्रभारी अशोक प्रसाद निमियाघाट थाना प्रभारी विजय केरकेट्टा मधुबन थाना प्रभारी राऊतु होनहागा घटना स्थल पर  पहुंच ग्रामीणों को समझा बुझाकर जाम हटवाया। 

आजसू नेत्री सह डुमरी प्रमुख यशोदा देवी ने पीड़ित परिवार को दस हजार रूपये की आर्थिक सहायता किया । इधर मृतक के परिजन झामुमो के डुमरी  विधायक जगरनाथ महतो के पहुंचने के बाद ही शव को पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह भेजने की बात कर रहे थे । जबकि स्थानीय प्रशासन से उचित मुआवजा व विधवा पेंशन की मांग कर रहे थे।घटना के बाद मृतक की पत्नी गुड़िया देवी व परिजनों का रो रो कर बुरा हाल था।आरोपी के संबंध में बताया जाता है कि वह हत्या के आरोप में लगभग डेढ़ वर्ष पहले ही जेल से छूटा था। मृतक की एक चार वर्ष की एक बच्ची है। 

Thursday, October 3, 2019

29 लाख रुपए से भरे SBI के एटीएम को अपराधी उखाड़ ले गए


सतना । सतना जिला मुख्यालय से 35 किलोमीटर दूर अमरपाटन कस्बे में सफेद रंग की एसयूवी में आये बदमाश बृहस्पतिवार की रात 29 लाख रुपयों से भरा स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) का एटीएम उखाड़ कर साथ ले गये.

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है. अमरपाटन पुलिस थाने के प्रभारी निरीक्षक आर पी मिश्रा ने बताया कि चोर सहारा बैंक के निकट एसबीआई एटीएम की मशीन एवं उसमें भरे 29 लाख रुपये लेकर फरार हो गए.

उन्होंने बताया कि सुबह जब आसपास के लोगों ने एटीएम केन्द्र को अस्त-व्यस्त देखा तो पुलिस को इसकी सूचना दी. मिश्रा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि वारदात में शामिल बदमाशों से जब एटीएम से नगद नहीं निकला तो वे कटर से पूरी मशीन को ही काटकर ले गये.

थाना प्रभारी ने एसबीआई के अधिकारियों के हवाले से बताया कि चोरी गये एटीएम में 29,55,400 रुपये थे. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों को पकड़ने के लिए एक दर्जन दल बनाये हैं, कई स्थानों पर तलाशी ली जा रही है लेकिन फिलहाल अरोपियों का सुराग नहीं मिला है.

भाजपा में शामिल होने आये शशि भूषण मेहता को लेकर भाजपा कार्यालय में मारपीट


 

रांची। भाजपा में शामिल होने के लिए पहुँचे झामुमो नेता और राँची स्थित ऑक्सफोर्ड स्कूल के मालिक शशि भूषण मेहता के साथ प्रदेश भाजपा कार्यालय में ही जमकर मारपीट हुई। गुरूवार को तय कार्यक्रम के अनुसार शशि भूषण मेहता अपने समर्थकों के साथ  पार्टी में शामिल होने हरमू में पार्टी दफ्तर पहुंचे थे । पहले से ही यहां पर विरोध कर रहे सुचित्रा मिश्रा के बेटे आशुतोष मिश्रा, अभिषेक मिश्रा, ललिता पांडे भी जमे हुए थे। इन लोगों ने मंच पर आकर हंगामा किया और भाजपा और शशि भूषण मेहता के समर्थकों के साथ जम कर हाथापाई की।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मारपीट के दौरान अभिषेक मिश्रा और आशुतोष मिश्रा को मेहता के कई समर्थकों ने मंच से नीचे फेंक दिया। इससे दोनों को चोट आई है।  बताते चलें कि शशि भूषण मेहता के पार्टी में शामिल होने के हंगामे को लेकर पुलिस और प्रदेश स्तर के नेताओ को पहले से ही जानकारी थी।
बताते है कि जेएमएम ने दागी शशिभूषण मेहता को बाहर का दिखा दिया था। शशिभूषण रांची के सुचित्रा मिश्रा हत्याकांड का कथित आरोपी है और अभी तक झामुमो का नेता बना फिर रहा था। मगर झारखण्ड मुक्ति मोर्चा ने उन्हे पार्टी से निकल दिया । वहीं जेएमएम से निकाले गए दागी शशिभूषण को भाजपा ने अपनाने में देरी नहीं की। इस बात से निर्भीक पार्टी ने बाकायदा मिलन समारोह आयोजित कर सार्वजानिक रूप से जनता के विलेन को पार्टी का हीरो बनाने का मन बना लिया ।  उधर सुचित्रा मिश्रा के परिजन लगातार 'पार्टी विद डिफरेंस' यानी बीजेपी नेताओ से शशिभूषण को शामिल ना करने का आग्रह कर रहे थे, लेकिन मजाल जो भाजपा धन के शशिभूषण को ना कह दे। बहरहाल भाजपा में ये पहली बार नहीं है, जब आपराधिक छवि के नेताओ की एंट्री को लेकर चर्चा है।

Wednesday, October 2, 2019

महाराष्ट्र के नागपुर में टावर से गिरकर झारखण्ड के दो प्रवासी मजदूरों की मौत,सरकार और सफेद्पोशों के मुहँ पर तमाचा

 #महाराष्ट्र के नागपुर में टावर से गिरकर दो प्रवासी मजदूरों की मौत                       #मोबाइल टावर कम्पनियों में क्षेत्र के पचासों युवकों की हो चुकी मौत                    

गिरिडीह।
 महाराष्ट्र के नागपुर में बगोदर थाना के देवराडीह पंचायत के गम्हरियाटांड गांव निवासी हुलाश महतो के 30 वर्षीय पुत्र तेजो महतो और हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ थाना के भेलवारा पंचायत के गोलगो गांव निवासी सुखदेव मिस्त्री के 25 वर्षीय पुत्र महेश विश्वकर्मा की मौत टॉवर से गिरने से हो गयी । जबकि विष्णुगढ़ थाना अंतर्गत छोटकी भेलवारा निवासी सोहन महतो घायल हो गया ।मृतक प्रवासी मजदूर बीएनसी पावर ट्रांसमिशन प्राइवेट लिमिटेड में कार्य करते थे।
  मौत की सूचना पाकर परिजनों का  रो-रो कर बुरा हाल है। मृतक के परिजनों के समक्ष पालन -पोषण का बड़ा संकट खड़ा हो गया है।
  मौत की सूचना पाकर मंगलवार की सुबह बगोदर के पूर्व विधायक विनोद कुमार सिंह गम्हरियाटांड पहुंचे और मृतक तेजो महतो के परिजनों को सांत्वना दिया और दुख की घड़ी में हिम्मत बढ़ाया ।श्री सिंह ने हर संभव मदद करने का भरोसा दिलाया। मौके पर पूर्व विधायक सिंह ने बीएनसी पावर ट्रांसमिशन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के उच्च अधिकारी राजेश चौधरी से फ़ोन पर बातचीत की और कहा कि मृतक तेजो महतो और महेश विश्वकर्मा के परिजनों को कंपनी यथोचित मुआवजा सहायता राशि प्रदान करे और जीवन बीमा का पूरा लाभ दिलवाने में कंपनी परिजनों को सहयोग करे। उन्होंने कहा कि बगोदर और आस पास के इलाके के प्रवासी मजदूरों की देश-विदेश में मौतें नियती बन गयी है। कहा कि झारखण्ड सरकार को प्रवासी मजदूरों के हितों के मद्देनजर एक प्रभावी निदेशालय बनाना चाहिए।
मौके पर श्री सिंह के साथ माले के युवा नेता पूरन कुमार महतो,वार्ड सदस्य सुरेश महतो कमल महतो कारू महतो अशोक कुमार महतो प्रकाश कुमार महतो डेगलाल महतो मंजूर अंसारी गोबिंद कुमार महतो समेत कई अन्य उपस्थित थे।                                  गौरतलब है कि झारखण्ड के ग्रामीण क्षेत्रों से कथित दलालों के माध्यम से युवकों को अधिक पारिश्रमिक का प्रलोभन देकर महानगरों तथा विदेशों में भेज दिया जाता है,जहाँ कभी तो उनसे बंधुआ मजदूरों की तरह कार्य लिया जाता है,यहां तक कि वेतन नही देकर भूखों रखा जाता है,तो कहीं से अन्ततः युवकों के शव भेज दिये जाते हैं।क्षेत्र के ऐसे ग्रामीण सऊदी अरब,श्री लंका,मलेसिया आदि देशों मे आज भी गुलामी की जिन्दगी जी रहे हैं। अपने परिवार के भरण पोषण अच्छी तरह करने की तमन्ना दिल मे लिए ऐसे बदनशीबों को कभी स्वदेश नशीब होगा अथवा नहीं,यह कोई नहीं जनता है।लेकिन विभिन्न सरकारों ने आज तक इनकी मौतों पर हमेशा रोटी सेंकने का ही कार्य किया है।इनके आश्रितों के आंशूओं को पोछ्ने वाला कोई भी नहीं ।

Tuesday, October 1, 2019

आप ने की ओरिएण्टल बैंक ऑफ कॉमर्स के AGM सह झारखंड प्रभारी को निलंबित कर राज्य से बाहर भेजने की माँग



सीएनटी - एसपीटी कानून को झारखंड में आर्थिक मंदी का कारण बता कर  इसमें बदलाव की सिफारिश करने वाले ओरिएण्टल बैंक ऑफ कॉमर्स के सहायक महा प्रबंधक सह झारखंड प्रभारी  श्री पुलिन पायनायक के तत्काल निलंबन और उन्हें झारखंड से बाहर भेजने की माँग को लेकर 'आप' ने की प्रेस वार्ता


रांची । सीएनटी - एसपीटी कानून को झारखंड में कथित आर्थिक मंदी का कारण बताने वाले और इस कानून में बदलाव की सिफारिश करने वाले ओरिएण्टल बैंक ऑफ कॉमर्स के सहायक महा प्रबंधक  की तत्काल निलंबन और झारखंड से बाहर भेजने की माँग को लेकर आम आदमी पार्टी द्वारा राँची स्थित प्रेस क्लब में प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया।

वार्ता को संबोधित करते हुए पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष लक्ष्मी नारायण मुंडा ने बताया कि दो दिन पहले आम आदमी पार्टी कार्यालय को एक न्यूज क्लिपिंग प्राप्त हुई जिसमें अगस्त माह में ही मीडिया को दिए गए एक इंटरव्यू में  ओरिएण्टल बैंक ऑफ कॉमर्स के सहायक महा प्रबंधक सह झारखंड प्रभारी  श्री पुलिन पायनायक ने स्पष्ट तौर पर कहा कि "झारखंड में आर्थिक मंदी का एक बड़ा कारण सीएनटी - एसपीटी कानून है,आदिवासियों से लोन की रिकवरी नहीं हो पाती, उनकी ज़मीन गिरवी नहीं रख पाते और बेच नहीं पाते 
,अतः केंद्र सरकार को वे सीएनटी और एसपीटी कानून में बदलाव की सिफारिश करेंगे"।( बैंक कर्मियों के वीडियो,यहाँ क्लिक् कर देखें--https://youtu.be/DfPguCosw9U)

बैंक के  अधिकारी के इस बयान पर लक्ष्मी नारायण मुंडा ने कहा कि  यह बयान "आदिवासी विरोधी और झारखंड विरोधी" है। इनको झारखंड और झारखंडी संस्कृति की ज़रा सी भी समझ नहीं है। आदिवासी समाज झारखंड के प्राण हैं और सीएनटी एसपीटी कानून में आदिवासी समाज की आत्मा बस्ती है। कहा हमारी आत्मा के साथ छेड़छाड़ की बात करने वाले पुलिन पटनायक को झारखंड में रहने का कोई  नैतिक हक नहीं है। श्री मुंडा ने कहा कि ये अधिकारी बैंक कर्मी की नहीं बल्कि जमीन दलाल और भ्रष्ट भाजपा  सरकार की बोली बोल रहे हैं,तथा जान बूझ कर सीएनटी-एसपीटी कानून की प्रासंगिकता को खत्म करने का प्रयास भाजपा द्वारा लगातार हो रहा है ताकि पूरे राज्य में इस कानून का उल्लन्घंन कर आदिवासियों की ज़मीन हड़पने वालों को बचाया जा सके।  कहा झारखंड में आर्थिक मंदी के लिए सीएनटी-एसपीटी कानून को कारण बताना  बहुत ही बचकाना और गैरजिम्मेदाराना बयान है,  ये अधिकारी झारखंड की 3.5 करोड़ आबादी को जाहिल और बेवकूफ समझते हैं, आदिवासी विरोधी इस अधिकारी को झारखंड से  तत्काल निलंबित कर बाहर भेजा जाए अन्यथा  इनके साथ साथ ओरिएण्टल बैंक ऑफ कॉमर्स के खिलाफ भी आंदोलन किया जाएगा ।

मौके पर पार्टी के प्रदेश सचिव राजन कुमार सिंह ने कहा कि सीएनटी -एसपीटी कानून आदिवासियों का सुरक्षा कवच है। भाजपा येन-केन-प्रकारेण आदिवासियों के ज़मीन को लूटने के लिए इस कानून में बदलाव की बात करती है। भाजपा के इस प्रयास का आदिवासी-मूलवासी-झारखंडी समाज द्वारा कड़ा विरोध होने पर आर्थिक मंदी की आड़ में झारखंड के बदहाल आर्थिक स्थिति का हवाला देकर बैंककर्मियों से इस तरह का सिफारिश करवा रही है। किस हैसियत से  पुलिन पटनायक इस तरह की नीतिगत मामले में बयान बाजी कर रहे हैं ? ये साफ दिखता है कि  ओरिएण्टल बैंक के ये अधिकारी और पूरा बैंक जमीन माफियाओं और आदिवासी जमीन को हड़पने वालों के साथ खड़ा है। इस मंदी में झारखंड में पहले से स्थापित सैकड़ों कल कारखाने बंद हो गए, पहले से चल रहे बाज़ार इस आर्थिक मंदी में कंगाली की हालत में पहुँच गया।  आज भी आदिवासी-मूलवासी के ज़मीन में झारखंड के अधिकतम फैक्ट्रियां और वाणिज्यिक प्रतिष्ठान हैं जिनकी हालात खराब है । इतना ही नहीं राज्य के हर इलाके में देश के विकास के नाम पर हजारों एकड़ अधिग्रहित किया हुआ भूमि सरकार के पास है। सरकार और बाज़ार उस भूमि का ही इस्तेमाल आज तक नहीं कर पाये। ऊपर से किसी प्रकार और ज़्यादा से ज़्यादा ज़मीन के लूट का षड्यंत्र रचा जा रहा है।

कहा कि आम आदमी पार्टी इसका विरोध करती है। साथ ही  पुलिन पटनायक के तत्काल निलंबन की मांग करती है। उनके निलंबन की मांग को लेकर ओरिएण्टल बैंक के अध्यक्ष सह प्रबन्ध निदेशक, झारखंड के राज्यपाल, केंद्रीय वित्त मंत्री तथा भारतीय रिज़र्व बैंक के गवर्नर को शिकायत पत्र भेजा जा रहा है। उन्होनें कहा कि यदि जल्द पुलिन पटनायक को निलंबित कर झारखंड से बाहर नहीं भेजा गया तो उनके और पूरे ओरिएण्टल बैंक ऑफ कॉमर्स का विरोध पूरे राज्य में किया जाएगा।

प्रेस वार्ता में प्रदेश मीडिया प्रभारी राजेश कुमार, प्रदेश संयुक्त  सचिव यास्मीन लाल, अमन कुमार और कई लोग उपस्थित थे।


डुमरी अनुमंडल के पत्रकार वीरेंद्र कुमार सिन्हा पार्श्व पत्रकारिता श्री अवार्ड से सम्मानित

 
डुमरी (गिरिडीह)।
पिछले दिनों पार्श्वनाथ अंतर्राष्ट्रीय विश्वविद्यालय ट्रस्ट द्वारा गिरिडीह के मधुबन में आयोजित सम्मान समारोह में डुमरी अनुमंडल के पत्रकार वीरेंद्र कुमार सिन्हा को पार्श्व पत्रकारिता श्री अवार्ड से सम्मानित किया गया । पत्रकारिता के क्षेत्र में विशेष योगदान के स्वरूप यह पुरस्कार ट्रस्ट ने अनेक पत्रकारों को प्रदान किया था ।
जिसमें से गिरीडीह जिले के डुमरी  निवासी एक दैनिक पत्र के अनुमंडल संवाददाता वीरेंद्र कुमार सिन्हा की अलग ही पहचान है ।बताते हैं कि निश्चल, निष्कपट एवं सर्वप्रिय वीरेंद्र जी अनुमंडल के साथ-साथ प्रखंड के समस्त पदाधिकारियों पुलिस महकमे में स्थानीय पत्रकारों और आमजनो के बीच काफी प्रसिद्ध हैं।  आपसी मेलजोल के इनके स्वभाव के कारण तथा मृदुभाषी  पत्रकार श्री सिन्हा सभी के चहेते हैं ।आंचलिक पत्रकारिता में  संवाद संकलन  से लेकर संवाद  की गहराई में जाकर अपनी लेखनी को गूढ़ शब्दों में इस तरह पिरोते हैं कि  समाचार की  पठनीयता बढ़ जाती है । स्थानीय पत्रकारों मे इनकी खास छाप है ।अंचल से निकलने वाले कोई भी समाचार इनसे अछूते नहीं होते हैं । शिक्षा जगत से पत्रकारिता जैसे सामाजिक कार्य में इनका प्रवेश इनके अटल इरादे तथा सत्यप्रियता का ही परिणाम  है। इन्हें सम्मानित किए जाने पर गिरीडी़ह तथा डुमरी बगोदर, नावाडीह, विष्णुगढ़ आदि के पत्रकारों ने हर्ष व्यक्त किया है तथा उन्हें बधाई दी है।

Monday, September 30, 2019

सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति ईसरी बाजार का हुआ पुनर्गठन


डुमरी(गिरिडीह)। दुर्गा पूजा को लेकर देर शाम लायंस सेवा सदन में सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति ईसरी बाजार के सदस्यो की बैठक हुई। बैठक में सार्वजनिक चंदा और पूजा धूमधाम से मनाने पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही समिति का पुनर्गठन किया गया। जिसमें महेश प्रसाद डागा, गौरी शंकर भदानी,संत कुमार बंका, भीमसेन सिंह को संरक्षक, भरत राम सेठ अध्यक्ष, रामकिशोर शरण, मनोज सिंहा, अजित कुमार माथुर कार्यकारी अध्यक्ष, अंजय कुमार सुमन, शंकर प्रसाद सोनी उपाध्यक्ष, दामोदर प्रसाद सेठ सचिव, सुमन कुमार सिन्हा, संजय सिंह सह  सचिव, पवन कुमार गुप्ता, पंकज कुमार बर्मा कोषाध्यक्ष, कैलाश माथुर सूचना व प्रसारण, रवि सिन्हा मीडिया प्रभारी, संजित राज चैतानी, आशीष बर्मा, शंकर प्रसाद गुप्ता खाद्य एवं आपूर्ति विभाग, विक्की बरनवाल, बलवंत शरण मेला प्रभारी सहित राजेश बरनवाल, गोबिंद बरनवाल, पंकज कुमार बर्मा, मिथलेश शर्मा, सुबोध सिन्हा सहित तेरह कार्यकारिणी सदस्य चुना गया।


बांग्लादेश सरकार ने इस्कॉन संतों को भारत में प्रवेश से रोका

चौंकाने वाली खबर 🚨  बांग्लादेश ने 63 इस्कॉन भिक्षुओं को भारत में प्रवेश करने से रोका सभी के पास वैध पासपोर्ट और वीज़ा थे। आव्रज...