जमशेदपुर में सूर्य मंदिर परिसर स्थित सोन मंडप में मुख्य मंत्री रघुवर दास ने कहा कि पारा शिक्षकों को लेकर सरकार गंभीर है. शिक्षा मंत्री डॉ नीरा यादव को विभागीय सचिव के साथ बैठ कर संभावनाएं तलाशने को कहा गया है. पारा शिक्षकों पर जल्द फैसला लिया जायेगा. उन्होंने कहा कि बजट में मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना का सूत्रपात किया जायेगा. इस योजना से 20 लाख मध्यम व लघु किसान सीधे लाभान्वित होंगे. बरसात के पहले ही किसानों को 5000 प्रति एकड़ की दर से राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की जायेगी. इससे वे समय पर खाद और बीज खरीद सकेंगे. पांच एकड़ तक जमीन रखनेवाले किसानों को इसका लाभ मिलेगा.
उन्होंने कहा : 2013-14 में राज्य की कृषि विकास दर ऋणात्मक (-4.5) थी. इन चार वर्षों में सरकार ने डोभा और तालाब के रूप में सिंचाई के संसाधनों की व्यवस्था की. मेहनती अन्नदाताओं के अथक परिश्रम से यह 14.5 प्रतिशत तक पहुंच गयी. चार वर्षों में 18 से 19 प्रतिशत की अभूतपूर्व वृद्धि मेहनतकश भूमिपुत्रों के अथक परिश्रम का प्रतिफल है. 2022 तक किसानों की आय चौगुनी करने का लक्ष्य तय कर काम शुरू हो चुका है.
प्राइवेट स्कूलों की मनमानी रोकने के लिए कानून जल्द
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि स्कूलों की मनमानी रोकने के लिए सरकार जल्द कानून लायेगी. मनमानी फीस वृद्धि समेत अन्य कई मामलों की शिकायतें सरकार के संज्ञान में आयी हैं. जांच के लिए शिक्षा विभाग के सचिव स्तर पर एडवाइजरी कमेटी का गठन किया गया है. रिपोर्ट के बाद सरकार आगे की कार्रवाई करेगी.
मेडिकल के लिए भी एडवाइजरी कमेटी मेडिकल सेवाओं को अपग्रेड करने, निजी अस्पतालों में आम लोगों को आ रही परेशानियों के संबंध में एडवाइजरी कमेटी का गठन किया जा रहा है. इस कमेटी की रिपोर्ट पर सरकार आगे की कार्रवाई करेगी, ताकि अस्पतालों में इलाज कराने के लिए जानेवालों को किसी तरह की समस्या का सामना प्रबंधन से नहीं हो.
No comments:
Post a Comment