राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजित डोभाल के बिना किसी पूर्व जानकारी के कश्मीर घाटी पहुंचने के बाद अलग-अलग तरह के कयास लगाए जाने लगे थे. कोई उनके दौरे को अनुच्छेद 35ए से जोड़ रहा था तो किसी ने अनुमान लगाया था कि कश्मीर में कुछ बड़ा होने वाला है. इन सभी खबरों के बीच अब खुलासा हुआ है कि घाटी में एक बड़े आतंकी हमले के खतरे को देखते हुए एनएसए अजित डोभाल ने सभी सुरक्षा एजेंसियों के साथ बैठक की थी. इसी के साथ घाटी में सेना बढ़ाए जाने के निर्णय को आतंकी हमले की सूचना को देखते हुए मात्र सेना को मजबूत करना बताया गया है.
दरअसल खुफिया एजेंसियों को जानकारी मिली है कि कश्मीर घाटी में पाकिस्तान स्थित आतंकवादी समूहों द्वारा एक बड़े आतंकवादी हमले की योजना बनाई जा रही है. खुफिया जानकारी को देखते हुए कश्मीर में अर्धसैनिक बलों की संख्या बढ़ाई गई. बताया जाता है कि अजित डोभाल दो दिन के दौरे पर श्रीनगर पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व खुफिया एजेंसियों के अधिकारियों के साथ अलग-अलग बैठक की थी. इस दौरान उन्होंने कश्मीर में सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया. डोभाल के इस दौरे को काफी सीक्रेट रखा गया था. बताया जाता है कि श्रीनगर पहुंचने से कुछ घंटे पहले ही अधिकारियों को एनएसए के पहुंचने की जानकारी दी गई थी.

No comments:
Post a Comment