गिरिडीह : गिरिडीह के लिए बुधवार का दिन सनसनी भरा रहा जब शहर में एक युवक का अर्धनग्न शव के मिलने की खबर फैली। पचंबा थाना क्षेत्र के कठगोला रोड मारवाड़ी मुहल्ला निवासी अमन शर्मा (17) की हत्या मंगलवार को पत्थर से कूच कर कर दी गयी. शव पचंबा थाना क्षेत्र के बोड़ो हवाई अड्डा रोड स्थित कब्रिस्तान के पास मिला है. जानकारी मिलने के बाद डीएसपी बिनोद रवानी व पचंबा थाना प्रभारी शर्मानंद सिंह मौके पर पहुंचे और छानबीन में जुट गये.
घटना के संबंध में अमन के पिता पचंबा के मारवाड़ी मुहल्ला निवासी मनोज शर्मा ने कहा कि अमन पहले बेंगलुरू में रह कर काम करता था. अक्तूबर महीने में ही वह गिरिडीह आया था. गिरिडीह आने के बाद वह पचंबा के हटिया रोड स्थित मनीष नामक युवक की सब्जी दुकान में काम करने लगा.
काम के दौरान कई बार वह उसी के दुकान में रात को सो जाता था. मंगलवार को भी वह काम के लिए मनीष की दुकान पर गया हुआ था. मंगलवार की दोपहर को वह घर आया था और यह कह कर घर से दुकान गया कि वह रात में घर नहीं आयेगा. अचानक बुधवार की सुबह पता चला कि अमन की किसी ने हत्या कर दी है. हत्या के दिन अमन की मधुपुर की एक लड़की से बात हुई थी. पुलिस का अनुमान है कि हत्या का कारण प्रेम प्रसंग हो सकता है.
घटनास्थल से शराब की बोतल, गिलास व सिगरेट के डिब्बे बरामद : अमन का शव जिस जगह से पुलिस ने बरामद किया है वहां से दो शराब की बोतलें, चार गिलास, सिगरेट के डिब्बे व पानी की बोतल भी मिली है. पुलिस ने आशंका जतायी है कि हत्या से पहले अमन ने दोस्तों के साथ बैठकर शराब पी होगी.
No comments:
Post a Comment