कोरोना वायरस की चपेट में भारत भी आ चुका है. अब देश में कोरोना के तीन ताजा मामले सामने आए हैं. कोरोना वायरस के पॉजिटिव मरीजों की संख्या भारत में बढ़कर 34 हो गई है.
ताजा मामलों में ओमान से लौटा तमिलनाडु का एक व्यक्ति कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया है. इसके अलावा ईरान से लौटे लद्दाख के दो लोग कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं. ऐसे में लगातार देश में कोरोना के मामले बढ़ते ही जा रहे हैं.
दरअसल, कोरोना वायरस को लेकर भारत में भी हाहाकार का माहौल बना हुआ है. हालांकि सरकार कोरोना वायरस से निपटने के लिए पूरी तरह से मुस्तैद दिखाई दे रही है. वहीं आज कोरोना वायरस को लेकर सरकार की रिव्यू मीटिंग भी हुई.
दिल्ली में कोरोना वायरस पर आज हुई इस समीक्षा बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को तैयारियों की जानकारी दी गई. इसके साथ ही केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने पीएम मोदी को अब तक उठाए गए कदमों की जानकारी दी. साथ ही केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने बताया कि देश भर में 52 प्रयोगशालाओं में नमूनों का परीक्षण किया जा रहा है.

No comments:
Post a Comment