श्री प्रसाद सोनी, सभा स्थल बोकारो से ၊
बोकारो । बोकारो के नावाडीह स्थित बिनोद बिहारी महतो स्टेडियम में विश्व हिंदू परिषद तथा बजरंग दल के संयुक्त तत्वावधान में आज गुरुवार को धर्म सभा का आयोजन किया गया। सभा को संबोधित करते हुए विश्व हिंदू परिषद, मार्ग दर्शक मंडल, प्रदेश संत प्रमुख डा.स्वामी दिव्यानंद जी महाराज ने कहा कि अब हिन्दू समाज के धैर्य की परीक्षा और अधिक न ले सरकार, हर हाल मे रामनवमी तक अयोध्या में श्री राम मंदिर का निर्माण कार्य आरंभ हो जाना चाहिए, हम सभी देशवासी संविधान और उच्चतम न्यायालय का सम्मान करते हैं। महराज जी ने आगे कहा कि लेकिन यह मामला धर्म और आस्था से जुडा हुआ है, ऐसे गंभीर मामले को और अधिक दिन तक टाला नही जाना चाहिए।
संत श्री सीता राम शरणजी महाराज ने कहा कि राज्य और केन्द्र सरकार अध्यादेश जारी कर या कोई अन्य विकल्प निकाल कर एक वर्ष के अंदर अयोध्या में श्री राम मंदिर का निर्माण कार्य शुरु कराये। साध्वी लाडली शरण ने कहा कि प्रमाण देने की आवश्यकता नहीं, ये तो सनातन सत्य है कि प्रभु श्री राम जी का जन्म अयोध्या में हुआ था, फिर राम मंदिर अयोध्या में नहीं बनेगा तो कहाँ बनेगा। साध्वी जी ने कहा कि झारखण्ड ही नही सम्पूर्ण भारत और दुनिया भर के हिन्दू जाग गये हैं । कहा कि एक दिन सारे लोग अयोध्या कूच करेंगे तो प्रयाग राज में होने वाला महाकुंभ सा दृश्य अयोध्या में ही दिखने लगेगा। तब ऐसी स्थिति में मंदिर का निर्माण कार्य शुरू होने से कोई रोक नही सकेगा, न ही किसी के रोकने से रूकेगा ।
जिला अध्यक्ष दीपक ठाकुर की अध्यक्षता व उपाध्यक्ष विश्वनाथ महतो के संचालन में संपन्न सभा को वीरेंद्र विमल, क्षेत्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह ने भी संबोधित किया। सभा में डुमरी विधायक जगरनाथ महतो, पूर्व मंत्री लालचंद महतो, छत्रुराम महतो, प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष रणविजय सिंह, मुखिया सुरेश कुमार महतो, देवानंद महतो, गौरी शंकर महतो, सांसद प्रतिनिधि दशरथ महतो, तारकेश्वर महतो, लोकेश्वर महतो, मोतीलाल महतो, हरि प्रसाद महतो, रीतलाल महतो, पूर्व प्रमुख मोहन महतो, बसंत राय, पंकज शर्मा, छत्रबली पंडित सहित अनेक गणमान्य धर्मप्रेमी मौजूद थे। इससे पूर्व क्षेत्र के विभिन्न गाँवों से झंडा, बैनर आदि के साथ जुलूस में प्रत्येक आयु वर्ग के महिला, पुरुष " जय श्री राम ,जय हनुमान, कसम सभी हम खाते हैं ,मंदिर वहीं बनायेंगे"आदि नारा लगाते हुए सभा स्थल तक पहुँचे।
स्वामी दिव्यानंद जी महराज के साथ हमारे प्रतिनिधि श्री प्रसाद सोनी
No comments:
Post a Comment