पाकिस्तान के सिंध प्रांत में हिंदू लड़कियों के धर्म परिवर्तन को लेकर आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि भारत ने पाकिस्तान को ‘नोट वर्बल’ जारी करके घटना को लेकर अपनी चिंता साझा की हैं और अल्पसंख्यक समुदायों के लोगों की रक्षा और उनकी सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए उचित कदम उठाने का आह्वान किया है ၊
नई दिल्ली: पाकिस्तान में दो नाबालिग हिंदू लड़कियों का कथित रूप से निकाह करवाने वाले मौलवी को रविवार को गिरफ्तार कर लिया गया. नाबालिग हिंदू लड़कियों का अपहरण के बाद जबरन धर्म परिवर्तन करा दिया गया था. पाकिस्तानी मीडिया में आयी खबर के अनुसार इन नाबालिग लड़कियों ने पंजाब प्रांत की एक अदालत से सुरक्षा की गुहार लगायी है.
जियो न्यूज की उर्दू वेबसाइट जंग.कॉम के मुताबिक नाबालिग ने पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में बहावलपुर की अदालत में सुरक्षा के लिये गुहार लगाई है. इसमें कहा गया कि निकाह करवाने वाले मौलवी को सिंध में खानपुर से गिरफ्तार किया गया. पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने मामले में जांच के आदेश दिये हैं. 13 वर्षीय रवीना और 15 वर्षीय रीना का इलाके के ‘प्रभावशाली’ लोगों के एक समूह ने घोटकी जिले स्थित उनके घर से कथित रूप से अपहरण कर लिया था.
