धनबाद : ईसीएल मुगमा क्षेत्र की कापासारा आउटसोर्सिग से कोयला टपाते दो हाइवा को जब्त किया गया। दो चालकों को गिरफ्तार भी किया गया। रविवार को ईसीएल सुरक्षा निरीक्षक मनोज लंगाड़े, श्रवण झा व सीआइएसएफ निरीक्षक सोनिक लोहान ने यह कार्रवाई की। चालकों के पास ढुलाई से संबंधित चालान नहीं था। हाइवा चालक वीरबल सिंह व मुस्तकीम को गिरफ्तार किया गया है। दूसरे हाइवा का चालक फरार हो गया। पकड़े गए दोनों चालक राजेश यादव व विनोद यादव बताए जा रहे हैं। जानकारी हो कि कापासारा आउटसोर्सिग से रविवार को हाइवा (जेएच 10 एवाई 0905) व हाइवा (जेएच 10 एटी 3812) कोयला लोड कर सेंट्रलपुल रेलवे साइडिग के लिए निकला। जैसे ही हाइवा कोयला लेकर कापासारा से निकले। ईसीएल के सुरक्षा निरीक्षक मनोज लांगाड़े, श्रवण झा, सीआइएसएफ सानिक लोहान ने चालकों से चालान मांगा। हाइवा (जेएच 10 एटी 3812) का चालक हाइवा लेकर भागने लगा। सुरक्षा पदाधिकारियों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। दोनों हाइवा को जब्त कर मुगमा क्षेत्रीय कार्यालय ले आए। इसकी सूचना निरसा पुलिस को दी गई है।
ज्ञात हो कि कापासारा से कोयला उत्पादन कर हाइवा के माध्यम से ईसीएल मुगमा क्षेत्र के सेंट्रलपुर स्थित रेलवे साइडिग में भेजा जाता है। भेजने के क्रम में क्षेत्र के भट्ठा मालिकों व कोल माफिया की साठगांठ कर कोयले को रेलवे साइडिग के बजाय क्षेत्र के भट्ठों में खपा दे रहे हैं।
कापासारा आउटसोर्सिग से निकले कोयला को हाइवा के द्वारा मुगमा, कंचनडीह व देवली स्थित एक भट्टे में धड़ल्ले से गिराया जा रहा है। सिर्फ कापासारा आउटसोर्सिग से कोयला ढुलाई के लिए के कुल आठ हाइवा लगे हैं। इस सिडिकेट में बड़े बड़े नेता जो प्रशासनिक विभाग में अच्छी पकड़ रखते हैं। इस काम में मैथन, निरसा, रानीगंज और श्यामडीह के कई लोग सक्रिय हैं। ईसीएल की चापापुर व बीसीसीएल की दहीबाड़ी आउटसोर्सिग से भी कोयला टपाने की सूचना है।
ऐसा संभव नहीं है कि हाइवा चालक क्षेत्र के भट्ठों में कोयला गिरा दे क्योंकि हाइवा में लगे जीपीआरएस से कापासारा से सेंट्रलपुल रेलवे साइडिग तक जाने वाले हाइवा की निगरानी की जाती है। अगर ऐसी सूचना है तो सुरक्षा को और कड़ी की जाएगी।
--सदानंद सुमन, जीएम, ईसीएल मुगमा एरिया
No comments:
Post a Comment