Jharkhand.
Dhanbad: न्यूज विंग के संवाददाता विकास पांडेय के साथ धनबाद के एसडीओ राज महेश्वरम और उनके साथ मौजूद पुलिस दस्ते ने बुधवार दोपहर को मारपीट की. यह घटना उस समय हुई जब एसडीओ हीरापुर में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कर रहे थे. विकास ने यह देखा तो उसका वीडियो बनाने लगा. यह देखकर एसडीओ और उसके साथ के पुलिस दस्ते ने पत्रकार के साथ लप्पड़-थप्पड़ शुरू कर दिया. पत्रकार का फोन भी छीन लिया. इसके बाद उसे अपनी स्कॉर्पियो में बैठाकर अपने सरकारी आवास ले गये. करियर बर्बाद कर देने की धमकी दी. वहां विकास ने जब कहा कि मेरे सीनियर से बात कर लीजिए तो उन्होंने उनकी एक नहीं मानी. उनके मोबाइल से फोटो और वीडियो डिलिट कर दिया. बाद में यह कहते हुए मोबाइल दिया कि सीधे भाग जाओ.
एसडीएम ने कहा सॉरी
मामले में जब एसडीओ से न्यूज विंग ने बात की और कहा कि किसी का वीडियो बनाना अपराध है क्या? पत्रकार के साथ क्यों मारपीट की गयी? इस पर उन्होंने माफी मांगी. सॉरी कहा. मामले की शिकायत धनबाद के डीसी ए दोड्डे से की गयी है. मारपीट के इस मामले को उन्होंने गंभीर बताते हुए आवश्यक कार्रवाई की बात की. भुक्तभोगी पत्रकार ने मामले की डीसी को लिखित सूचना देकर समुचित कार्रवाई की मांग की है.
एसडीएम की दलील कि विकास ने अपना आईकार्ड नहीं दिखाया
न्यूज विंग से बात करते हुए एसडीएम ने कहा कि जहां पर अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया चल रही थी, वहां बिलकुल पास में ही विकास खड़ा था. उससे हटने को कहा गया. लेकिन वो नहीं हटा. ऐसे में मेरे साथ मौजूद पुलिस कर्मियों ने उससे उसकी आईडी मांगी. आईडी नहीं देने पर उसकी डायरी मांगी. एसडीएम ने कहा कि उसके बाद उसे गाड़ी में बैठाकर अपने आवास पर लाया. जो धक्का-मुक्की विकास के साथ हुई उसके लिए मैं सॉरी बोलता हूं.
पत्रकारों पर हाथ छोड़ना कभी बर्दाश्त नहीं: संजीव झा
धनबाद प्रेस क्लब के अध्यक्ष संजीव झा ने न्यूज विंग से बात करते हुए कहा कि पत्रकारों पर हाथ छोड़ना कतई बर्दाश्त नहीं होगा. उन्होंने कहा कि प्रेस क्लब इस बात की घोर निंदा करता है. मामले को लेकर डीसी से मुलाकात की जाएगी. उनसे उचित कार्रवाई करने के लिए कहा जाएगा.
लगातार ऐसी घटना हो रही हैं, लेकिन सरकार संज्ञान नहीं ले रहीः राजेश सिंह
रांची क्लब के अध्यक्ष राजेश सिंह ने कहा कि पत्रकारों को मारना मानो फैशन हो गया है. घटना इस वजह से बढ़ रही है क्योंकि सरकार संज्ञान नहीं ले रही है. अगर रांची की घटना के बाद सरकार संज्ञान लेती तो कभी भी इस तरह की घटना दोबारा नहीं घटती. आखिर किसने अधिकार दिया है, प्रशासन को पत्रकारों पर हाथ उठाने का. कैसे कोई किसी पत्रकार से कैमरा लेकर उससे कुछ डिलिट कर सकता है. कहा रांची प्रेस क्लब इसकी घोर निंदा करता है और उन्होंने पत्रकारों को एकजुट होकर मामले से निबटने का अनुरोध किया.
ABPSS , अखिल भारतीय पत्रकार सुरक्षा समिति के झारखण्ड प्रदेश अध्यक्ष सर्वेश तिवारी ने कहा है कि झारखण्ड में इस तरह शासन प्रशासन द्वारा पत्रकारों के साथ मारपीट करने का जैसे चलन हो गया है, ऐसे अधिकारियों को एबीपीएसएस द्वारा आगाह किया जाता है कि वे अपनी हरकतों से बाज आएं, अन्यथा पत्रकार के 'कलम' की मार बहुत महंगी पड़ेगी, जिसका परिणाम भुगतना पड़ेगा ၊ साथ ही सभी पत्रकार साथियों से आग्रह किया है कि इस प्रकार की स्थिति में FIR अवश्य दर्ज करायें या CJM कोर्ट में परिवाद दाखिल करें , साथ ही राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग तथा प्रेस काउंसिल ऑफ इण्डिया के पास सम्पूर्ण विवरण भेजा करें ၊ सरकार की संवेदनहीनता से सभी पत्रकार भाई पूर्व में ही रांची की घटना से अवगत हो ही चुके हैं ၊ कहा कि ABPSS हर कदम पर आपके साथ होगा ၊ श्री तिवारी ने कहा दुःखद स्थिति यह है कि जनता को अत्याचार व उत्पीड़न से त्राण दिलाने वाले कलमकार आज स्वंय पीड़ा सह रहे हैं ၊ उन्होंने झारखण्ड सरकार के विरूद्ध प्रतिकार का आह्वान किया है ၊
No comments:
Post a Comment